2 मार्च 2021 - 19:11
अमरीका के पास परमाणु समझौते में वापसी के अलावा कोई रास्ता नहींः ईरान

ईरान सरकार के प्रवक्ता अली रबीई ने बल दिया कि अधिकतम दबाव की नीति विफल हो चुकी है और ऐसे में अमरीका के पास जेसीपीओए में वापस आने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

अली रबीई ने मंगलवार को एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि सरकार ने तर्क के आधार पर विदेश नीति में फैसले किये हैं और सरकार पहले ही दिन से प्रतिबंधों को हटाने के लिए प्रयासरत रही है। उन्होंने कहा कि हमने राष्ट्रसंघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2231 के माध्यम से ईरान को घेरने की नीति को विफल बना दिया। ईरान सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि अमरीकियों ने ख़ुद स्वीकार किया है कि अधिकतम दबाव की नीति विफल रही है जिसकी वजह से अमरीका के पास परमाणु समझौते में वापसी के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।

 

इस बीच यूरोपीय संघ के प्रस्ताव पर ईरान और अमरीका की उपस्थिति में परमाणु समझौते के सदस्यों की अनौपचारिक बैठक के प्रस्ताव के बारे में ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने कहा है कि तीन यूरोपीय देशों और अमरीका की हालिया कार्यवाहियों के दृष्टिगत अनौपचारिक बैठक का आयोजन उचित नहीं है।